शनिवार, 10 सितंबर 2016

||केदारेश्वर की कथा||


काशीखंड की कथा के अनुसार उज्जयनी से आकर काशी में बसने वाले वशिष्ठ नामक ब्राह्मण कुमार ने काशी के आचार्य से दीक्षा ले पाशुपत व्रत धारण किया यहाँ रहते हुए वह नित्य हरपाप तीर्थ (मानस तीर्थ) में स्नान करता और त्रिकाल शिवपूजा करता था| गुरु और शिव में उसके लिए कोई भेद नहीं था | १२ वर्ष की अवस्था में वह गुरु के साथ केदारेश्वर तीर्थ की यात्रा के निमित्त हिमालय पर्वत पर गया | बीच में ही उसके गुरु की मृत्यु हो गयी | शिव के पार्षद उसे हिमालय ले गए| केदारेश्वर महादेव के दर्शन के बाद वह काशीपुरी वापिस आ गए | उसने नियम लिया कि प्रत्येक चैत्र पूर्णिमा को वह केदारनाथ का दर्शन अवश्य करेगा | इस तरह उसने ६१ यात्राएँ पूरी कीं | अब वह वृद्ध और अशक्त हो गया था | फिर भी उसने निर्णय लिया कि यदि वह रास्ते में मृत भी हो गया तो वह भी गुरु की तरह उत्तम गति का अधिकारी होगा | यह सोचकर उसने यात्रा प्रारंभ कर दी| उसकी दृढ भक्ति देखकर भगवान आशुतोष केदारेश्वर शिव ने उसे स्वप्न में दर्शन दिया और वरदान दिया कि मैं तुम्हें यही काशी में ही दर्शन दिया करूँगा | आशुतोष शिव ने उससे वर मांगने को बोला | तो ब्राह्मण ने दो वर मांगे | पहला कि यहाँ मेरे साथ जितने लोग भी हैं सब आपकी कृपा के अधिकारी हों | महाकाल शिव के कहने पर उसने दूसरे वर में यह प्रार्थना की - आप हिमालय से यहीं आकर निवास करें | तभी से शिव ने यहीं वाराणसी में हरपाप तीर्थ (मानस तीर्थ) केदारघाट पर केदारेश्वर के रूप में अपना निवास बनाया |


                                              ||हर हर महादेव||